Akhilesh-Shivpal Yadav Meeting: उत्तरप्रदेश की राजनीति हर रोज अपना रंग बदल रही है। समाजवादी पार्टी इस बार अपना पूरा जोर लगा रही है। अखिलेश यादव पिछले चुनावों में मिली हार को ध्यान में रखते हुए इस बार कोई कमी नहीं छोड़ना चाहते है। गुरूवार को यूपी की राजनीति में चुनाव से पहले सबसे बड़ा घटनाक्रम देखा गया। जब पूर्व सीएम अखिलेश यादव अपने चाचा शिवपाल यादव (Akhilesh-Shivpal Yadav Meeting) के घर गए। कुछ देर दोनों के बीच बैठक हुई, उसके बाद दोनों ने साथ फोटो खिंचवाकर बड़ा सियासी सन्देश दिया।
करीब एक घंटे चली मुलाकात:
गुरूवार शाम अचानक अखिलेश यादव अपने चाचा शिवपाल यादव से मिलने उनके घर पहुंचे। इसके बाद दोनों नेताओं के चाहने वालों की बाहर भीड़ एकत्रित हो गई। इसके कुछ देर बाद दोनों नेता बाहर आए एक साथ फोटो सेशन हुआ। अभी चाचा शिवपाल यादव की तरफ से गठबंधन को लेकर कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। लेकिन दोनों के बीच गठबंधन होना अब तय माना जा रहा है।
2017 के चुनाव के समय बिगड़े रिश्ते:
बता दें मुलायम सिंह यादव के सबसे विश्वस्त लोगों में शिवपाल यादव की गिनती होती है। अखिलेश के चाचा शिवपाल सिंह यादव पूर्व में सपा के कद्दावर मंत्री के रूप में काम कर चुके हैं। मुलायम सिंह की सरकार के वक्त से ही उन्हें समाजवादी पार्टी का एक कद्दावर चेहरा माना जाता है। लेकिन पिछले विधानसभा चुनाव में दोनों के बीच रिश्तों में दरार आ गई थी। इसके बाद शिवपाल सिंह यादव ने सपा से अलग होकर अपनी नई पार्टी का गठन कर लिया था।
प्रसपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जी से मुलाक़ात हुई और गठबंधन की बात तय हुई।
क्षेत्रीय दलों को साथ लेने की नीति सपा को निरंतर मजबूत कर रही है और सपा और अन्य सहयोगियों को ऐतिहासिक जीत की ओर ले जा रही है। #बाइस_में_बाइसिकल pic.twitter.com/x3k5wWX09A
— Akhilesh Yadav (@yadavakhilesh) December 16, 2021
प्रसपा से गठबंधन की बात तय हुई: अखिलेश
इस मुलाकात के बाद अखिलेश यादव ने ट्विटर पर अपने चाचा के साथ फोटो शेयर करते हुए लिखा कि ”प्रसपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जी से मुलाक़ात हुई और गठबंधन की बात तय हुई। क्षेत्रीय दलों को साथ लेने की नीति सपा को निरंतर मजबूत कर रही है और सपा और अन्य सहयोगियों को ऐतिहासिक जीत की ओर ले जा रही है।
ये भी पढ़ें: डॉक्टरों का चमत्कार! मरीज की किडनी से एक-दो नहीं बल्कि निकाले 156 स्टोन
ऐसी ही अपडेट्स के लिए डाउनलोड करें:- OTT INDIA App