Baran Zila Pramukh Chunav: राजस्थान में गुरुवार को चार जिलों के जिला प्रमुख का चुनाव हुआ। इसमें कांग्रेस के खाते में तीन और भाजपा के खाते सिर्फ एक सीट गई। इन चारों जिलों के जिला प्रमुख में सभी की निगाहें बारां जिला प्रमुख चुनाव (Baran Zila Pramukh Chunav) पर टिकी थी। क्योंकि यहां से राजस्थान की गहलोत सरकार के मंत्री और दिग्गज कांग्रेस नेता प्रमोद जैन भाया की पत्नी चुनाव मैदान में थी। बारां में 25 सीटों में से 13 सीट भाजपा के पास होने के बावजूद प्रमोद जैन भाया अपनी पत्नी उर्मिला जैन को जिला प्रमुख बनाने में कामयाब हुए।
क्रॉस वोटिंग के बाद फूटा भाजपा कार्यकर्ताओं का गुस्सा:
जिला प्रमुख चुनाव को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं ने जमकर पसीना बहाया था। जिसके चलते 25 में से 13 पर भाजपा के प्रत्याशी चुनाव जीतने में कामयाब भी हुए। लेकिन इसके बावजूद क्रॉस वोटिंग के भय के चलते सभी जीतने वाले सदस्यों की बाड़ाबंदी भी की गई। बहुमत के बावजूद क्रॉस वोटिंग के चलते भाजपा बारां में अपना जिला प्रमुख नहीं बना पाई। जिसके बाद भाजपा कार्यकर्ताओं का गुस्सा अपने ही नेता पर फूट पड़ा। भाजपा कार्यकर्ताओं ने सांसद दुष्यंत सिंह के कार्यालय पर जमकर पथराव किया। इसके बाद कार्यकर्ताओं ने अपने ही नेताओं के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
भारी पुलिस बल तैनात किया गया:
दरअसल, बारां के सांसद दुष्यंत सिंह पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे के पुत्र है। जहां पर गहलोत सरकार के खान मंत्री प्रमोद जैन भाया ने भाजपा कैंप में एक वोट की सेंधमारी कर अपनी पत्नी उर्मिला जैन को जिला प्रमुख बना दिया है। जिसके कारण नाराज भाजपा कार्यकर्ताओं ने दुष्यंत सिंह के कार्यालय पर पथराव किया। भीड़ को हटाने के लिए और हालात को शांतिपूर्ण करने के लिए खुद जिले के SP ने मोर्चा संभाला और भारी पुलिस बल तैनात किया गया।
जयपुर में भाजपा ने की थी एक वोट की सेंधमारी:
कुछ महीनों पहले भाजपा ने भी कांग्रेस के एक वोट में सेंधमारी करके जयपुर में अपना जिला प्रमुख बनाया था। जिसके बाद कांग्रेस ने भाजपा पर जमकर हमला किया था। लेकिन बारां में अब मंत्री प्रमोद जैन भाया ने भाजपा के एक वोट में सेंधमारी करके कांग्रेस का जिला प्रमुख बनाने में कामयाब हुए है। बता दें यह क्षेत्र प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे का गढ़ माना जाता है।
इसे भी पढ़े: इलाहाबाद हाईकोर्ट की पीएम मोदी और चुनाव आयोग से अपील, कहा- रैलियों में भीड़ पर लगाएं रोक
ऐसी ही अपडेट्स के लिए डाउनलोड करें:- OTT INDIA App
Android: http://bit.ly/3ajxBk4