Kanhaiya Kumar Join Congress: कांग्रेस पिछले कुछ समय से लगातार कन्हैया कुमार और जिग्नेश मेवानी को पार्टी में शामिल करने के प्रयास में लगी थी। हाल ही में कन्हैया कुमार ने राहुल गांधी से मुलाकात करके इस बात को और हवा दी थी। मंगलवार को राहुल गांधी का ये प्रयास सफल होता दिखाई दे रहा है। सूत्रों के मुताबिक आज दोपहर को 3 बजे कन्हैया कुमार (Kanhaiya Kumar Join Congress) और जिग्नेश मेवानी कांग्रेस में शामिल होने जा रहे है। इन दोनों युवा नेताओं को कांग्रेस नेता राहुल गांधी पार्टी की सदस्यता दिलाएंगे।
जेएनयू छात्रसंघ के अध्यक्ष रहे है कन्हैया कुमार:
कन्हैया कुमार बिहार के बेगूसराय से आते है। कन्हैया कुमार 2015 में जेएनयू छात्रसंघ के अध्यक्ष पद के लिए चुने गए थे। उस समय उन पर देश विरोधी नारे लगाकर भीड़ को भड़काने का आरोप लगा था। जिसके बाद से वो अपने भाषणों को लेकर अक्सर सुर्ख़ियों में रहते है। हालांकि उनका राजनीतिक सफर बड़ा नहीं है। 2019 में हुए लोकसभा चुनाव में बेगूसराय लोक सभा निर्वाचन क्षेत्र उन्होंने भाजपा के गिरिराज सिंह के खिलाफ चुनावी मैदान में ताल ठोंकी थी, लेकिन उन्हें बुरी तरह हार का सामना करना पड़ा था। भाजपा के फायर ब्रांड नेता गिरिराज सिंह ने चार लाख 22 हजार मतों के बड़े अंतर से कन्हैया कुमार को हराया था। अब कांग्रेस उनको पार्टी में शामिल करके बड़ा दांव खेलने जा रही है।
गुजरात में कांग्रेस का बड़ा दांव:
जिग्नेश मेवाणी गुजरात के अहमदाबाद से आते है। वर्तमान में वो वडगाम विधानसभा क्षेत्र से विधायक भी है। उनकी पहचान एक दलित नेता के रूप में होती है। जिग्नेश मेवाणी पेशे से वकील भी है। जिग्नेश मेवानी ने अहमदाबाद से उना तक दलित अस्मिता यात्रा की थी, जो 15 अगस्त 2016 को खत्म हुआ थी जिसमें दलित महिलाओं सहित करीब 20,000 दलितों ने इस में भाग लिया था। उसके बाद उनकी दलित नेता के रूप में एक अलग पहचान बन गई। 2017 में हुए गुजरात विधानसभा चुनाव में मेवाणी ने वडगाम से स्वतंत्र उम्मीदवार के रूप में चुनाव जीतकर सभी को हैरान किया था। अब कांग्रेस जिग्नेश मेवानी को शामिल करके गुजरात में कांग्रेस को मजबूत करने का प्रयास करेगी।
युवाओं पर है कांग्रेस की नजर:
कांग्रेस में हमेशा से युवाओं को पार्टी में तवज्जो नहीं देने का सवाल उठता रहा है। जिसका नतीजा पिछले कुछ समय में पार्टी के युवा चेहरे जितिन प्रसाद, ज्योतिरादित्य सिंधिया और सुष्मिता देव कांग्रेस से किनारा कर दूसरी पार्टी का दामन थाम चुके है। लेकिन अब कांग्रेस इन दो बड़े नेताओं को पार्टी में शामिल करके बड़ा दांव खेलने जा रही है। लेकिन ये दोनों पार्टी को कितना फायदा पहुंचाते है ये तो आने वाला समय ही बताएगा।
ये भी पढ़ें: बीजेपी और निषाद पार्टी साथ मिलकर लड़ेंगे यूपी विधानसभा चुनाव: धर्मेंद्र प्रधान
अधिक रोचक जानकारी के लिए डाउनलोड करें:- OTT INDIA App
Android: http://bit.ly/3ajxBk4